जागो, मन जागरण की बेला! अलस उनींदे नैन उघारो, सतत तरंगित ज्योति निहारो! आगत की आरती उतारो, गत पीड़ामय, दुखद बिसारो! यत्किंचित नव ज्योति समेटो, दुख-प्रसंग अध्याय समेटो, जीवनमय नव कण-कण तोलो, आशामय नव प्रकरण खोलो। आगत उदबोधन की बेला; जागो, मन जागरण की बेला। बहुरंगी कुसुमावलि कुसुमित, मादक मारुत-उर्मि तरंगित, रश्मि-राशि हिल्लोल तरंगित! वसुधा-अंचल लास तरंगित! कल-कूजन निर्बाध तरंगित, नाना सौरभ मदिर तरंगित, राशि-राशि छवि लास तरंगित, राशि-राशि नव मोद तरंगित, जागो, नव प्रमोद की बेला। जागो, मन जागरण की बेला। शीत विगत, नव मधु-ऋतु आई, वन, उपवन, नव सुषमा छाई, विटप, वेलि कुसुमावलि आई, पल्लव-पल्लव छवि मुस्काई! व्योम वितान नील छवि छाई, मदिर सुरभि चल अनिल समाई, कण-कण व्याप्त अनंग लुनाई, प्रकृति नवोढ़ा बन मुस्काई! जागो, मन बसंत की बेला। जागो, मन जागरण की बेला!